मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंThursday, 29 October 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : दिल्ली विश्वविद्यालय बना उत्तर क्षेत्रीय महिला शतरंज चैंपियन
खेल

Kanpur : दिल्ली विश्वविद्यालय बना उत्तर क्षेत्रीय महिला शतरंज चैंपियन

Akash Chaudhary

सीएसजेएमयू को तीसरा स्थान, सुमुखी शुक्ला और जिज्ञासा मीना ने व्यक्तिगत मुकाबलों में मारी बाजी

 

 

Kanpur।  छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) में आयोजित उत्तर क्षेत्रीय अंतर-विश्वविद्यालय महिला शतरंज प्रतियोगिता में दिल्ली विश्वविद्यालय ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। 26 से 29 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी दूसरे और मेजबान सीएसजेएमयू तीसरे स्थान पर रहा।

प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में दिल्ली विश्वविद्यालय ने छह मुकाबलों में पांच जीत और एक ड्रॉ के साथ 11 मैच अंक अर्जित किए। लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी ने पांच जीत और एक हार के साथ 10 अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीएसजेएमयू की टीम ने चार जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ नौ अंक जुटाए। पंजाब विश्वविद्यालय आठ अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहा।

मेजबान विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत बोर्ड मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन किया। सीएसजेएमयू की सुमुखी शुक्ला ने बोर्ड-1 पर छह मुकाबलों में 5.5 अंक अर्जित कर शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं, बोर्ड-2 पर जिज्ञासा मीना ने छह मुकाबलों में पांच अंक जुटाकर पहला स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि सीएसजेएमयू के प्रति-कुलपति प्रो. सुधांशु पांड्या ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शतरंज एकाग्रता, तार्किक क्षमता, धैर्य और सही समय पर निर्णय लेने का कौशल विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर डॉ. नवीन जीविगुंटा, विभागाध्यक्ष डॉ. प्रभाकर पांडेय, डॉ. राजेश प्रताप सिंह, डॉ. श्रवण कुमार यादव, खेल सचिव शुभम हज़ारिया और संयुक्त खेल सचिव सौरभ तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।