Kanpur। अवधपुरी स्थित मास्टरमाइंड चेस अकादमी में दो दिवसीय प्रथम मास्टरमाइंड क्लासिकल शतरंज प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को हुआ। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों और संस्थानों से 34 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त आयकर आयुक्त श्याम मुरारी निगम ने शतरंज की पहली चाल चलकर किया।
छह राउंड में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के पहले दिन तीन राउंड के मुकाबले खेले गए, जबकि शेष तीन राउंड रविवार को आयोजित होंगे। तीन राउंड की समाप्ति के बाद अभिजीत गुरहा (डॉ. वीरेंद्र स्वरूप एजुकेशन सेंटर) और प्रांजल सिंह (डॉ. वीरेंद्र स्वरूप श्याम नगर) ने तीन-तीन अंक अर्जित कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया।
वहीं विनायक त्रिपाठी (डॉ. वीएसईसी किदवई नगर) और कृष्णा पी. ठाकुर (स्कॉलर मिशन) 2.5-2.5 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। प्रतियोगिता में 12 खिलाड़ी दो-दो अंकों के साथ, दो खिलाड़ी 1.5 अंकों के साथ और 11 खिलाड़ी एक-एक अंक के साथ प्रतिस्पर्धा में बने हुए हैं। शेष खिलाड़ियों का खाता अभी नहीं खुल सका है। प्रतियोगिता के अंतिम तीन राउंड रविवार को खेले जाएंगे, जिसके बाद विजेताओं का फैसला होगा। इस मौके पर आयोजक आलोक गुप्ता, ऋषभ निषाद समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


