करो योग रहो निरोग का गूंजा संदेश
Kanpur “स्वस्थ आयु के लिए योग” थीम पर रविवार को ग्रीन पार्क स्टेडियम में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राकेश सचान सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता करते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया। योग के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था और पूरे परिसर में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश गूंजता रहा।

ये रहे उपस्थित:-कार्यक्रम में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी,श्रीमती सरोज कुरील, एमएलसी अरुण पाठक, नोडल अधिकारी एस. सुंदरम एम.के., पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त संकल्प शर्मा,विपिन टाडा, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय,मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कप्तान सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षकों ने कराया योगा
वीरभद्रासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, चक्रासन, दंडासन, पद्मासन, वज्रासन, शलभासन, भुजंगासन, विपरीत शलभासन, नौकासन, पवनमुक्तासन, सेतुबंधासन और शवासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही कपालभाति, अनुलोम-विलोम तथा भ्रामरी प्राणायाम भी कराया गया।

योग स्वस्थ भारत के संकल्प का प्रतीक:राकेश सचान
मुख्य अतिथि राकेश सचान ने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के एकीकरण का माध्यम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के अधिकांश देश इसे अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ भारत के संकल्प का प्रतीक है।

करें योग, रहें निरोग” केवल एक संदेश नहीं बल्कि स्वस्थ जीवन का सूत्र है। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा संतुलित आहार एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।

योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर:रमेश अवस्थी
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। उन्होंने योग को भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन का संदेश दे रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लोगों से नियमित योगाभ्यास अपनाने का आह्वान किया।

योग को जन-जन का अभियान बनाने की आवश्यकता:डीएम
जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और बढ़ते तनाव के बीच योग स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम है। योग व्यक्ति को शारीरिक रूप से सशक्त, मानसिक रूप से संतुलित और सामाजिक रूप से जागरूक बनाता है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन का अभियान बनाने की आवश्यकता है ताकि स्वस्थ समाज और स्वस्थ भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।
इन छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित

योगासन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आयुषी रावत, अंश कुमार सविता, मालती सचान, नविका सिंह चौहान, मिहिका सचान, देवशी द्विवेदी एवं अनन्या राजपूत को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया।
पौधों का हुआ वितरणकार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को वन विभाग द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूक किया गया।


