Saturday, September 26, 2026
HomeखेलKanpur : ग्रीनपार्क में नन्हे कदमों से सजेगा खेलों का मंच, 2036...

Kanpur : ग्रीनपार्क में नन्हे कदमों से सजेगा खेलों का मंच, 2036 के चैंपियन तलाशेगा बेबी गेम्स

Kanpur । किसी के हाथ में बैडमिंटन रैकेट होगा तो कोई फुटबाल के पीछे दौड़ता नजर आएगा। कोई छोटी-सी छलांग लगाकर एथलेटिक्स ट्रैक पर अपनी प्रतिभा दिखाएगा तो कोई तैराकी, जिम्नास्टिक या कराटे में दमखम दिखाएगा। ग्रीनपार्क में पांच से 10 अक्तूबर तक होने वाला बेबी गेम्स-2026 इस बार नन्हे खिलाड़ियों के उत्साह और बड़े सपनों का गवाह बनेगा। आयोजन की थीम है—‘आज का प्रतिभागी, 2036 में भारत का प्रतिनिधि’। यानी खेल के मैदान में पहला कदम रखने वाले बच्चों में भविष्य के चैंपियन तलाशने की तैयारी है।

शनिवार को कैंट स्थित कानपुर क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में ओलंपिक संघ के रजत आदित्य दीक्षित ने बताया कि बेबी गेम्स का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र में ही खेलों से जोड़ना है। आयोजकों की कोशिश है कि खेलों से बचपन में जुड़ने वाला कोई नन्हा प्रतिभागी आगे चलकर मनु भाकर जैसे भारतीय खिलाड़ियों की तरह अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करे। इसके लिए बच्चों को प्रतियोगिता का अनुभव देने के साथ खेल के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर रहेगा।

25 खेलों में दिखेगा नन्हों का दम

बेबी गेम्स में एक-दो नहीं, बल्कि 25 खेलों की स्पर्धाएं होंगी। एथलेटिक्स, फुटबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, साइकिलिंग, स्केटिंग, कराटे, योग, आर्चरी, जूडो, जिम्नास्टिक, ताइक्वांडो, तैराकी, हैंडबाल, बॉक्सिंग, रस्साकशी, वेटलिफ्टिंग, मिनी गोल्फ, बास्केटबाल, क्रिकेट और वालीबाल समेत विभिन्न खेलों में बच्चे अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। खेलों की विविधता ऐसी रखी गई है कि अलग-अलग रुचि वाले बच्चों को अपनी पसंद का मैदान मिल सके।

प्रतिभागियों को तीन आयु वर्गों में बांटा जाएगा। इसमें तीन से साढ़े चार वर्ष, साढ़े चार से साढ़े छह वर्ष और साढ़े छह से साढ़े आठ वर्ष तक के बच्चे शामिल होंगे। देशभर के बच्चे इस आयोजन में हिस्सा ले सकेंगे। प्रतिभागियों को ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी गई है।

नन्हे विजेताओं को मिलेंगे खास सम्मान

आयोजन में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को गुरु गोबिंद सिंहजी के सबसे छोटे पुत्र सरदार फतेह सिंह की स्मृति में ‘सरदार फतेह सिंह खेल सम्मान’ प्रदान किया जाएगा। वहीं सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी को कानपुर की वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की स्मृति में सम्मानित किया जाएगा। इससे बच्चों के बीच बेहतर प्रदर्शन के साथ खेल भावना को भी बढ़ावा देने का प्रयास होगा।

तीन अक्तूबर से कानपुर और लखनऊ में सहायता केंद्र भी उपलब्ध रहेंगे। आयोजन में अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी और खेल जगत की हस्तियां बच्चों का उत्साह बढ़ाने पहुंचेंगी। ऐसे में ग्रीनपार्क में होने वाला यह आयोजन सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खेल की दुनिया में नन्हे कदमों की बड़ी शुरुआत बनने जा रहा है।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...