एशिया पैसिफिक चैंपियनशिप में मुख्य फिजियो की जिम्मेदारी, यूपी के पांच खिलाड़ी भी दिखाएंगे दम
Kanpur। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर एक बार फिर कानपुर का नाम चमकने जा रहा है। मलेशिया के पेनांग में होने वाली एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी स्पोर्ट्स चैंपियनशिप में भारतीय दल के खिलाड़ियों की फिटनेस की जिम्मेदारी शहर के डॉ. अभिषेक बाजपेई संभालेंगे। उन्हें भारतीय टीम का फिजियोथेरेपिस्ट चुना गया है। प्रतियोगिता 3 से 10 अक्टूबर तक होगी।

डेफ स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के महामंत्री सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के पांच खिलाड़ी भी भारतीय दल में शामिल किए गए हैं। अलग-अलग खेलों में प्रदेश के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

एथलेटिक्स में बिजनौर के विवेक राणा, मैनपुरी के रोहित यादव और बरेली के रिदम शर्मा भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। वहीं बैडमिंटन में गोरखपुर के आदित्य यादव और शतरंज में प्रयागराज के आशुतोष शुक्ला का चयन हुआ है।

डॉ. अभिषेक बाजपेई प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस, चोट से बचाव और फिजियोथेरेपी से जुड़ी जरूरतों की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके चयन से कानपुर के खेल जगत में भी खुशी है।

एसोसिएशन पदाधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों के साथ प्रदेश के खिलाड़ियों और कानपुर के फिजियो का चयन गौरव की बात है।

सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि सभी खिलाड़ी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार हैं। खिलाड़ियों से पदक जीतकर देश और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने की उम्मीद है।


