44 स्वर्ण समेत कुल 100 पदकों के साथ खिलाड़ियों ने रचा कीर्तिमान
Kanpur । एयरफोर्स स्टेशन स्थित केंद्रीय विद्यालय नंबर-2 चकेरी के खिलाड़ियों ने 55वीं संभागीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में 100 पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया। केंद्रीय विद्यालय संगठन, लखनऊ संभाग की ओर से कानपुर, फतेहगढ़, लखनऊ, लालगंज, रायबरेली, शाहजहांपुर और बरेली में आयोजित प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. अश्वनी कुमार शुक्ल ने बताया कि विद्यालय के 140 खिलाड़ियों ने आर्चरी, फुटबॉल, कबड्डी, बॉक्सिंग, ताइक्वांडो, जूडो, स्केटिंग, स्विमिंग, योगा, एथलेटिक्स, शतरंज, वॉलीबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने 44 स्वर्ण, 37 रजत और 19 कांस्य पदक सहित कुल 100 मेडल जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया। एथलेटिक्स खिलाड़ी आरव और स्विमिंग खिलाड़ी आदर्श पाण्डेय ने अपने-अपने तीनों इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।
विद्यालय के प्राचार्य मनोज वर्मा ने खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर उपप्राचार्य केजे शुक्ला, नीलम त्यागी, अजय त्रिपाठी, रुचिका वर्मा, राकेश सोनकर, काजल, रामजी समेत अन्य शिक्षकों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी।


