Kanpur। किदवई नगर स्थित केके गर्ल्स महाविद्यालय इंटर कॉलेज में शनिवार को 70वीं जनपदीय विद्यालयी वालीबॉल प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के तीनों वगोZ में केके गर्ल्स इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने जीत दर्ज की।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सह जिला विद्यालय निरीक्षक प्रशान्त कुमार द्विवेदी, विद्यालय की प्रिंसिपल ममता त्रिवेदी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। निर्णायक मंडल की ओर से घोषित परिणामों में बालक अंडर-19 वर्ग में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन विजेता और मिथलेश शिव मंगल सिंह इंटर कॉलेज उपविजेता रहा।
अंडर-17 में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन ने पहला स्थान हासिल किया। अंडर-11 में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन विजेता और शिवाजी इंटर कॉलेज उपविजेता रहा।
बालिका वर्ग में केके गर्ल्स इंटर कॉलेज ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों वर्गों में विजेता बनकर अपना दबदबा कायम किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में आमीन पब्लिक इंटर कॉलेज उपविजेता, अंडर-17 और अंडर-19 में जुहारी देवी इंटर कॉलेज उपविजेता रहा।
समापन पर मुख्य अतिथि व पूर्व कबड्डी खिलाड़ी डॉ. सुरेंद्र सिंह रैय्यत व प्रिंसिपल ममता त्रिवेदी ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। प्रतियोगिता का संचालन मंडलीय सचिव अनुराग मिश्र ने किया।
प्रतियोगिता की आयोजन सचिव मोनिका सिंह रहीं। इस मौके पर सत्य प्रकाश तिवारी, धर्मेंद्र पाठक, शशि शेखर बाजपेई, रामकुमार यादव, अभिषेक श्रीवास्तव, नेहा मिश्रा, अर्चना मिश्रा, हरिकिशन शुक्ल, प्रदीप विश्वकर्मा, मनीष कुमार मौर्य, अमित सिंह राठौर, श्याम किशोर, निकिता और विशंभर त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।


