7 जून को कानपुर साउथ मैदान में खेला जायेगा फाइनल
Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन एवं जेएनटी स्पोर्ट्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित 14वीं जेएनटी अंडर-12 क्रिकेट लीग का आगाज 17 मई को कानपुर साउथ मैदान में होगा। इस प्रतियोगिता के रजिस्ट्रेशन इस समय जारी है, जो पांच मई तक चलेंगे। संस्था के निदेशक प्रबोध शर्मा ने शनिवार को लीग का कैलेण्डर जारी करते हुए जानकारी दी कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 व 6 मई को प्रातः 6.30 से 9.30 बजे तक खिलाड़ियों का बैच वितरण होगा।
जिसके बाद 8 से 10 मई तक कानपुर साउथ मैदान में ट्रायल आयोजित किये जायेंगे। 12 मई को संस्था की वेबसाइट में चयनित खिलाड़ियों की सूचि जारी होने के बाद 14 से 16 मई तक कैम्प का आयोजन किया जायेगा। तत्पश्चात 17 मई को सायं 6 बजे कानपुर साउथ मैदान में लीग के 14वें संस्करण का भव्य उद्घाटन समारोह होगा, जिसमें सभी खिलाड़ियों को उनकी टीमों व जर्सी का वितरण किया जायेगा।
18 से लेकर 6 जून तक मैच होंगे, जिसके बाद फाइनल मुकाबला 7 जून को खेला जायेगा। निदेशक ने जानकारी दी कि शहर से बाहर के जो भी खिलाड़ी हैं, वह ट्रायल के किसी भी एक दिन आकर अपने बैच लेकर सीधा चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।


