Kanpur। कैंट स्थित सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल में तीन दिवसीय सीआईएससीई नॉर्थ जोन अंडर-17 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला गया। इसमें मेजबान सेठ आनंदराम जयपुरिया स्कूल ने सेंट एलॉशियस स्कूल को पांच विकेट से हराकर चैंपियनशिप अपने नाम की।
फाइनल मुकाबले में जयपुरिया स्कूल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। सेंट एलॉशियस की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में छह विकेट पर 109 रन बनाए। टीम की ओर से अर्जुन जैसवाल ने 34 गेंदों पर चार छक्कों की मदद से 54 रनों की शानदार पारी खेली। जयपुरिया के गेंदबाज विवान गांधी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए तीन ओवर में 25 रन देकर चार विकेट झटके।
110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जयपुरिया स्कूल ने 11.2 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 111 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से अनिमेश अग्निहोत्री ने 24, शिवम डालमिया ने 22 और माहीन हसन ने 17 रन की पारियां खेलीं। वहीं, तीसरे स्थान के मुकाबले में वेंडी नारामऊ स्कूल ने मेथोडिस्ट हाई स्कूल को आठ विकेट से पराजित किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए मेथोडिस्ट हाई स्कूल ने 10 ओवर में सात विकेट पर 56 रन बनाए। जवाब में वेंडी नारामऊ ने मात्र छह ओवर में दो विकेट खोकर 57 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विजेता टीम के लिए मानस ने नाबाद 37 रन की शानदार पारी खेली। प्रतियोगिता के समापन पर विद्यालय के प्रधानाचार्य गणेश तिवारी, जीएम शैलेंद्र अग्निहोत्री ने विजेता व उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए।
इस मौके पर शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष वीरेन्द्र त्रिपाठी सहित सुशील चंद्रा, सौरभ श्रीवास्तव, अरुण दत्ता, शरद मिश्रा, बलविंदर सिंह, विकासदीप, अथर्व दिमान, गोविंद सिंह, राजेश मिश्रा, नायाब आलम, राजेश सिंह, मनोज सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।


