Kanpur । उत्तर प्रदेश की राष्ट्रीय साइकिलिंग टीम के चयन के लिए राज्य माउंटेन बाइक व ट्रैक साइकिलिंग ट्रायल रविवार को ट्रांस गंगा सिटी में आयोजित हुआ। गेट नंबर-दो के अंदर हुए ट्रायल में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 55 खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश पुलिस के खिलाड़ियों के साथ प्रयागराज, कानपुर, चित्रकूट, मुरादाबाद, कानपुर देहात, मिर्जापुर, नोएडा, आगरा, मेरठ, सहारनपुर और अयोध्या के साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने ट्रैक साइकिलिंग की विभिन्न स्पर्धाओं में प्रदर्शन किया।
ट्रायल का शुभारंभ कानपुर ओलंपिक संघ के महासचिव व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी रजत आदित्य दीक्षित और सीएसजेएम विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. आरपी सिंह ने किया। प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय टीम के लिए खिलाड़ियों का चयन होगा। संघ के अनुसार राष्ट्रीय टीम की घोषणा जल्द की जाएगी।
उत्तर प्रदेश साइकिलिंग संघ के महासचिव आरके गुप्ता, साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नियुक्त अवधेश कुमार विश्वकर्मा, पीसीपी कानपुर के ब्रजेश शुक्ला, एनआईएस कोच किरण कुमार पाल, नदीम अहमद आदि सदस्य मौजूद रहे।


