Kanpur । बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में राष्ट्रीय मैच कंट्रोलर परीक्षा 12 अप्रैल को हुई। इसमें देशभर से सात अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, इसमें कानपुर के इरशाद अहमद ने सफलता प्राप्त की। इरशाद अहमद वर्तमान में बॉबसन पब्लिक स्कूल में गेम्स टीचर के पद पर कार्यरत हैं।
वह कई अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में तकनीकी अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2017 में केरल में आयोजित सीनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, 2025 में गुवाहाटी में आयोजित जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप, इंडियन सुपर सीरीज और सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में तकनीकी अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इसके अतिरिक्त वह कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से भी जुड़े रहे हैं। इस उपलब्धि पर कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन के पदाधिकारियों चेयरमैन मनोज पांडे, अध्यक्ष एके अग्रवाल, उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, डॉ. मनीषा अग्रवाल, महीप सक्सेना, सचिव डीपी सिंह, स्कूल की प्रिंसिपल एसए रिज़वी ने इरशाद अहमद को बधाई दी।


