Kanpur । जिला खो-खो संघ की ओर से बर्रा दो स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन की मेजबानी में इंटर स्कूल इनविटेशनल खो-खो बालक टूर्नामेंट का आयोजन 4 व 5 अगस्त विद्यालय परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता के सभी मुकाबले ग्राउंड-1 पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट में शहर के आठ विद्यालयों की टीमें खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 4 अगस्त को सुबह 9:30 बजे सीएचएस एजुकेशन सेंटर और श्रीराम एजुकेशन सेंटर के मुकाबले से होगा। इसके बाद सुबह 10:10 बजे सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर का सामना दून इंटरनेशनल स्कूल से होगा। तीसरा मैच सुबह 10:50 बजे यूपी किराना सेवा समिति और दुर्गाप्रसाद विद्यानिकेतन के बीच खेला जाएगा, जबकि चौथा मुकाबला सुबह 11:30 बजे एनएलके आजाद नगर और पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन के बीच होगा। पहले दिन के विजेता 5 अगस्त को सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे।
पहला सेमीफाइनल सुबह 9:30 बजे और दूसरा सेमीफाइनल सुबह 10:40 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला दोपहर 12 बजे होगा, जिसके बाद विजेता टीम का सम्मान किया जाएगा। टीमों को निर्धारित समय से कम से कम 30 मिनट पहले मैदान पर उपस्थित रहना होगा। मैच शुरू होने के 15 मिनट के भीतर टीम नहीं पहुंचने पर उसे वॉकओवर दे दिया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए निर्धारित खेल किट में खेलना अनिवार्य रहेगा।


