कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर सीसीटीवी फुटेज और त्वरित कार्रवाई से 14 वर्षीय बच्चे को सकुशल खोजा गया
Kanpur। जीआरपी कानपुर सेंट्रल ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत सराहनीय कार्रवाई करते हुए कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बिछड़े 14 वर्षीय बालक को महज आधे घंटे में खोजकर उसके पिता के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की तत्परता और सीसीटीवी निगरानी से परिवार को बड़ी राहत मिली।
मंगलवार को जयपुर के अंबेडकर नगर (इमली वाला फाटक) निवासी जगदीश प्रसाद वर्मा ने जीआरपी थाने में सूचना दी कि उनका 14 वर्षीय बेटा स्टेशन परिसर में कहीं लापता हो गया है। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में जीआरपी टीम सक्रिय हो गई। उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, उपनिरीक्षक संदीप कुमार तिवारी, क्यूआरटी टीम और प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आरपीएफ कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और बच्चे के हुलिए के आधार पर स्टेशन परिसर में सघन तलाश शुरू की।
लगातार प्रयास के बाद पुलिस टीम ने करीब आधे घंटे में बालक को प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 से सकुशल बरामद कर लिया। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बच्चे को उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटे को सुरक्षित वापस पाकर पिता भावुक हो गए और जीआरपी टीम की त्वरित एवं मानवीय कार्रवाई की जमकर सराहना की।


