Kanpur । कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से आयोजित सीसीएल टी-20 प्रतियोगिता के पहले मैच में ब्लू वॉरियर्स ने केजी रेंजर्स को छह विकेट से मात दी। दूसरे मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल ने नाईट स्कॉचर्स को 18 रन से पराजित किया। सप्रू मैदान पर खेले गए पहले मैच में केजी रेंजर्स ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 150 रन बनाए। आयुष पाठक ने नाबाद 59 रन की शानदार पारी खेली, जबकि आयुष शुक्ला ने 35 रन का योगदान दिया।
गेंदबाजी में ज्ञानेन्द्र पाण्डे और हसीन अहमद ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। जवाब में ब्लू वारियर्स ने 18.5 ओवर में चार विकेट खोकर 151 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम से स्वर टण्डर ने 63 रन की बेहतरीन पारी खेली, जबकि हसीन अहमद 32 रन बनाकर नाबाद रहे। हसीन अहमद को उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। सप्रू मैदान पर दूसरे मुकाबले में स्पार्क इंटरनेशनल ने 20 ओवर में सात विकेट पर 154 रन बनाए।
जहीरूद्दीन और सिद्धार्थ ने 35-35 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नाईट स्कॉचर्स की टीम 20 ओवर में छह विकेट पर 136 रन ही बना सकी। उमाशंकर वर्मा ने 48 रन की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। स्पार्क इंटरनेशनल की ओर से डॉ. अंकित मेहरोत्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।


