क्रिकेट नियमों के साथ मैच परिस्थितियों को समझने की क्षमता का हुआ आकलन
Kanpur । उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की अंपायर्स परीक्षा का दूसरा और अंतिम चरण शुक्रवार को ग्रीनपार्क में संपन्न हो गया। लिखित परीक्षा में सफल रहे 23 अंपायरों की मौखिक और वीडियो परीक्षा आयोजित की गई। इसके माध्यम से अभ्यर्थियों की क्रिकेट नियमों की समझ, मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता और विभिन्न मैच परिस्थितियों को समझने के कौशल का आकलन किया गया।

मौखिक परीक्षा में अभ्यर्थियों से क्रिकेट के नियमों और अंपायरिंग से जुड़े सवाल पूछे गए। वहीं वीडियो परीक्षा में मैच की अलग-अलग परिस्थितियों के दृश्य दिखाकर उनके निर्णय और अंपायरिंग कौशल को परखा गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी ने अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया। इस दौरान बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर तपोश चटर्जी और समंदर सिंह ने अंपायरों को अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरान पिच क्यूरेटर और अंपायर के बीच होने वाले आवश्यक संवाद और समन्वय के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

परीक्षा के समापन के बाद अब अभ्यर्थियों के प्रदर्शन के आधार पर जल्द परिणाम जारी किया जाएगा। यूपीसीए का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया के माध्यम से योग्य अंपायरों का चयन करने के साथ प्रदेश में अंपायरिंग के स्तर को और मजबूत करना है।
कार्यशाला में सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता, निदेशक रियासत अली, कोषाध्यक्ष सचिन शुक्ला और अंपायर समिति के चेयरमैन मनोज पुंडीर ने पूर्व अंतरराष्ट्रीय अंपायर अनिल चौधरी को सम्मानित किया। इस अवसर पर बीसीसीआई स्कोरर एपी सिंह, एसपी सिंह, बीसीसीआई अंपायर अनुराग राठौर, दीपक शर्मा, मीडिया मैनेजर अहमद अली तालिब, सुजीत श्रीवास्तव मौजूद रहे।


