फाइनल ट्रायल के बाद आवासीय क्रिकेट छात्रावास के लिए होगा चयन
Kanpur ।ग्रीन पार्क स्टेडियम में मंगलवार को 15 दिवसीय आवासीय क्रिकेट छात्रावास के लिए आयोजित केंद्रीय प्रशिक्षण कैंप का समापन हो गया है। जहां प्रदेश के सर्वश्रेष्ठ 80 जूनियर खिलाड़ियों के बीच खुद को साबित करने की होड़ दिखी। पूर्व क्रिकेटर ज्ञानेंद्र पांडेय, सिराजुद्दीन, अनुराग पांडेय, सुनील व ग्रीन पार्क के क्रिकेट कोच और उप क्रीड़ाधिकारी अमित पाल के सामने खिलाड़ियों ने फिटनेस और स्किल में खुद को साबित किया।
अब खेल निदेशालय की ओर से फाइनल ट्रायल में सफल खिलाड़ियों की सूची जारी कर आवासीय छात्रावास के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
मंगलवार को फाइनल ट्रायल में पूर्व क्रिकेटरों ने नेट्स पर हर खिलाड़ी की क्षमता का आकलन किया।
अमित पाल ने बताया कि फाइनल ट्रायल में कानपुर मंडल के खिलाड़ी अनमोल श्रीवास्तव, दक्ष राज प्रजापति, दिनेश निषाद, औरैया से नितिन कुमार और इटावा के ऋषि, मो. दानिश, मिलिंद, अदव सिंह भदौरिया, गणेश कुमार, शोभित कुमार, पीयूष पाल के साथ 80 खिलाड़ियों के बीच नेट्स पर खुद को साबित करने की होड़ दिखी। पूर्व क्रिकेटरों के सामने गेंद और बल्ले से खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।


