सचिन मिश्रा ने 86 रन की पारी खेली, अनिकेत यादव ने झटके चार विकेट
Kanpur । केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग के पहले मुकाबले में फ्रेंड्स स्पोर्टिंग ने गीतांजलि क्लब को पांच विकेट से मात दी। दूसरे मैच में ओलंपिक क्लब ने अशोका ज्योति क्लब को 138 रन से पराजित किया।श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर खेले गए पहले मुकाबले में गीतांजलि क्लब की पूरी टीम 26.2 ओवर में 98 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से गाजी अम्मार रिजवी ने सर्वाधिक 26 रन बनाए, तो गेंदबाजी में रोहित कमल ने तीन, आयुष कश्यप व जतिन कुमार ने दो-दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए फ्रेंड्स स्पोर्टिंग क्लब ने 22.1 ओवर में पांच विकेट के पतन पर 99 रन बनाकर मैच जीता। जीत में सुमित कश्यप ने 23 व रोहित कमल ने 22 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आर्यन यादव ने दो व अर्पित तिवारी ने एक को आउट किया। श्यामनगर स्थित आरपीसीए मैदान पर दूसरे मुकाबले में ओलंपिक क्लब ने 35 ओवर में सात विकेट पर 227 रन बनाए।
टीम से सचिन मिश्रा ने 86 रन, पुनीत पाल ने 47 रन व अभिजीत सिंह ने 27 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में सुयश साहू ने तीन विकेट झटके। जवाब में अशोका ज्योति क्लब की पूरी टीम घातक गेंदबाजी के आगे 20.3 ओवर में 89 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम से ललित श्रीवास्तव ने 18 रन बनाए, गेंदबाजी में अनिकेत यादव ने चार, पीयूष पाल व अभिजीत सिंह ने दो-दो विकेट झटके।

