Kanpur। चौथे अजय शर्मा मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में पीएसी क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खांडेकर क्रिकेट एकेडमी को चार विकेट से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। जबकि अंतिम क्वार्टर फाइनल में रोवर्स क्लब ने बाबे लालू को सात विकेट से हराया।
कानपुर साउथ एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए खांडेकर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट पर 141 रन बनाए। टीम की ओर से अभय ने 30 रन, आलमस शौकत ने 20 और जायेद ने 20 रन बनाए। पीएसी क्लब की ओर से संदीप मित्तल ने तीन विकेट झटके, जबकि नीरज कुमार और राहुल तिवारी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पीएसी क्लब की टीम ने 18.1 ओवर में छह विकेट खोकर 143 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। राहुल तिवारी ने 31 रनो, आयुष पांडे ने नाबाद 31 रन व विकास सिंह ने 24 रन बनाकर जीत सुनिश्चित की। गेंदबाजी में खांडेकर एकेडमी की ओर से दीपांशु सिंह ने दो विकेट हासिल किए। क्वार्टर फाइनल में बाबे लालू की टीम ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 178 रन बनाए।
टीम से ईशान अवस्थी ने 66 रन, अमन सिंह ठाकुर ने 55 रन की पारियां खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोवर्स क्लब की टीम 18 ओवर में तीन विकेट पर 180 बनाकर मैच अपने नाम किया। टीम से आर्यन सिंह ने 63, कप्तान आदेश कुमार ने 40 रन व घनश्याम उपाध्याय ने 31 रन की पारी खेलकर टीम को जीत दिलायी। अब शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला रोवर्स क्लब बनाम कानपुर साउथ अकादमी के बीच सुबह 10 बजे से किदवईनगरस्थित कानपुर साउथ मैदान पर खेला जाएगा।

