Kanpur । अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर शनिवार को संयुक्त टास्क फोर्स ने बालू, मोरम और गिट्टी लदे वाहनों की औचक जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर 12 वाहनों का चालान कर उन्हें संबंधित थानों में सीज करा दिया गया। कार्रवाई से खनिज विभाग को करीब सात लाख रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है।

जांच अभियान में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर अनुभव सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त नौबस्ता, एआरटीओ, खनन अधिकारी और स्थानीय पुलिस बल शामिल रहा। टीम ने वाहनों के परिवहन प्रपत्रों और लोडिंग की जांच की। इस दौरान 12 वाहन ओवरलोडिंग अथवा वैध परिवहन दस्तावेजों के बिना चलते मिले। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों को अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और ओवरलोडिंग पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

