चुनाव में तीनों नए उपाध्यक्ष तथा दो सदस्यों का हुआ चयन
इस माह वाराणसी में होगी ओपन नेशनल चेस चैम्पियनिशप
अगले वर्ष जून-जुलाई में कानपुर में होगी पहली ग्रांड मास्टर प्रतियोगिता
कानपुर देहात, अंबेडकर नगर, फर्रुखाबाद, औरैया नए जिले जुड़े
Kanpur । उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन की रविवार को हुई वार्षिक आम सभा (एजीएम) में हुए चुनाव में कानपुर के अनूप जैन को संघ का नया अध्यक्ष चुना गया। वहीं लखनऊ के राजेश कुमार साही, वाराणसी के दीपक बजाज और कानपुर देहात संघ के अरविंद सिंह को नया उपाध्यक्ष चुना गया। 17 सदस्यीय कार्यकारणी में दो नए सदस्यों को भी चुना गया जिसमें गाजियाबाद के सुरेंद्र कुमार और कानपुर के अभिषेक तिवारी शामिल रहे।

कानपुर स्थित केडीएमए वर्ल्ड स्कूल में हुई एजीएम में वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद चुनाव हुए। जिसके बाद सचिव एके रायजादा ने बताया कि एजीएम में कुल 35 जिले शामिल हुए। जिन्होंने आम सहमति से नई कार्यकारणी का गठन किया। एजीएम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष व फिडे जोन 3.7 के अध्यक्ष डा. संजय कपूर ने बताया कि इस बार संघ में चार नए जिलों को जोड़ा गया है, जिसमें कानपुर देहात, अंबेडकर नगर, फर्रुखाबाद, औरैया शामिल हैं।

अब प्रदेश में कुल 51 जिलों में शतरंज की बिसात बिछेगी। उन्होंने बताया कि संघ इसी माह 29 नवम्बर से 9 दिसम्बर तक ऑल इंडिया ओपन नेशनल चेस चैम्पियनशिप का आयोजन वाराणसी में कर रहा है। जिसकी ईनामी राशि 30 लाख रुपये रखी गयी है। इस प्रतियोगिता में देश के शीर्ष खिलाड़ी शामिल होंगे। इसके अलावा अगले वर्ष जून-जुलाई में प्रदेश में पहली बार ग्रांड मास्टर चैम्पियनशिप का आयोजन कानपुर में किया जायेगा। नए अध्यक्ष अनूप जैन ने बताया कि चेस इन स्कूल कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पूरे प्रदेश को पांच जोन में बांटा गया है, जिसके कन्वीनियर की जिम्मेदारी सहायक सचिव झांसी के अतुल कुमार निगम को सौंपी गयी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए गत वर्ष ग्रामीण स्कूलों में तीन हजार से अधिक शतरंज बोर्ड का वितरण किया गया। एजीएम में मौजूद कानपुर के ग्रैंडमास्टर दिनेश शर्मा ने प्रदेश में चेस का विस्तार करने के लिए खुद शिक्षकों को ट्रेनिंग देने के लिए हामी भरी। इस मौके पर संघ के कोषाध्यक्ष विनय आनंद, कानपुर संघ के सचिव दिलीप श्रीवास्तव, संजय तिवारी, दिनेश कटियार, सुशील वाधवानी आदि मौजूद रहे।

