सेवा संकल्प अभियान में शहर से गांव तक हुआ आंगन मिलन, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में बच्चों को मिले पुरस्कार
Kanpur । सेवा संकल्प अभियान और पोषण माह के तहत शहर से गांव तक आंगनबाड़ी केंद्रों पर उत्सव का माहौल रहा। कहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई हुई तो कहीं नौनिहालों का अन्नप्राशन कराया गया। हेल्दी बेबी प्रतियोगिता में चयनित बच्चों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। गंभीर कुपोषण (सैम) से सामान्य श्रेणी में पहुंचे बच्चों और उनके अभिभावकों का भी उत्साह बढ़ाया गया।

जनपद के सभी विकासखंडों और नगरीय क्षेत्र के जोनल कार्यालयों में आयोजित आंगन मिलन समारोह में सांसद, विधायक, विधान परिषद सदस्य, ब्लॉक प्रमुख और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रमों में माताओं और अभिभावकों को बच्चों के बेहतर पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता और देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना समेत बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
चुन्नीगंज स्थित नगर निगम स्कूल जोन-4 में सांसद रमेश अवस्थी की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। विष्णुपुरी नवाबगंज के दीपचंद्र पार्क स्थित जोन-6 में विधायक नीलिमा कटियार और सिविल लाइंस जोन-1 में विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई की अध्यक्षता में आयोजन हुआ। जोन-3 में विधायक महेश त्रिवेदी और जोन-2 में पूर्व विधायक रघुनन्दन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में भी कार्यक्रम हुए।
घाटमपुर में विधायक सरोज कुरील और सरसौल में राज्य महिला आयोग की सदस्य अनीता गुप्ता की अध्यक्षता में कार्यक्रम हुआ। विधनू, भीतरगांव, बिल्हौर, शिवराजपुर, चौबेपुर, कल्याणपुर, ककवन और पतारा में भी आंगन मिलन आयोजित किए गए।
उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को साड़ी, मिठाई व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिन्हा के निर्देशन में हुए कार्यक्रमों में बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य सेविकाओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भाग लिया।


