Kanpur ।कानपुर कमिश्नरेट पुलिस ने ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे इनामी दंपति को गिरफ्तार कर लिया। रेलबाजार थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान के तहत यह कार्रवाई करते हुए आरोपी संजय तिवारी उर्फ त्रिपाठी उर्फ पंडित और उसकी पत्नी शिवांगी तिवारी उर्फ संगीता को मुजफ्फरनगर से दबोचा। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार, दंपति सुनियोजित तरीके से लोगों को निवेश और व्यापार के नाम पर झांसे में लेते थे। वे लोगों को दुकान खुलवाने और माल की बिक्री पर कमीशन दिलाने का लालच देकर मोटी रकम वसूलते थे। शुरुआती दौर में भरोसा जीतने के लिए कुछ लेन-देन भी करते थे, लेकिन बाद में न तो माल उपलब्ध कराते और न ही पैसे लौटाते। इसके बाद दोनों संपर्क तोड़कर फरार हो जाते थे।
रेलाबाजार थाने में दर्ज मामले में पीड़ित से करीब ढाई लाख रुपये की ठगी का आरोप है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों के अलावा अन्य राज्यों में भी मुकदमे दर्ज हैं। संजय तिवारी पर कानपुर नगर, कुशीनगर, गोंडा और उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उसकी पत्नी के खिलाफ भी कई केस पाए गए हैं।
पुलिस कमिश्नरेट के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह गिरफ्तारी की गई। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि ठगी करने वाले ऐसे गिरोहों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


