Kanpur । उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) द्वारा वाराणसी में बनाये जा रहे अपने पहले अंतरराष्टीय क्रिकेट स्टेडियम की शुरुआत काफी भव्य रूप से करने की तैयारी में है। यूपीसीए चाहता है कि इस स्टेडियम में साल के अंत या अगले वर्ष की शुरुआत में अंतरराष्ट्रीय मुकाबला आयोजित किया जा सके। जिसके लिए इस सीजन में घरेलू मैच कराना जरूरी हो गया है लेकिन इसमें भी एक पेंच फंसा हुआ है।
यूपीसीए इस समय बोर्ड ट्रॉफी के घरेलू मैचों का फिक्स्चर तैयार कर रहा है। जिसके लिए वह वाराणसी में लगभग तैयार हो चुके स्टेडियम में भी मैच कराना चाहता है। हालांकि उसे लग रहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सांसदीय क्षेत्र होने के कारण सरकार इस स्टेडियम के बनने पर भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित करेगी।
ऐसे में बिना उद्घाटन के यहां मैच कराने से पहले सरकार से बात करनी जरूरी है। वहीं प्रधानमंत्री को देखते हुए वह किसी घरेलू मैच में स्टेडियम के उद्घाटन पर शिरकत नहीं करेंगे और यहां सीधा अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं कराया जा सकता। आईसीसी के निमयानुसार किसी भी नए स्टेडियम में मैच से पहले वहां घरेलू मैचों खासतौर पर सीनियर टीम के मैचों का सफल आयोजन हुआ है।
इस मैच की रिपोर्ट भी बीसीसीआई को देनी होती है जिसमें पिच और ग्राउंड का पूरा ब्यौरा साथ ही स्टेडियम की क्षमता व सुविधाओं की जानकारी शामिल होती है। इसके बाद ही आईसीसी यहां अंतरराष्ट्रीय मैच आयोजन की अनुमित देती है। अब ऐसे में यूपीसीए अधिकारी समझ नहीं पा रहे कि किस तरह यहां मैच कराना शुरू कर सके। उम्मीद है कि यूपीसीए जल्द ही सरकार से इस पर बातकर कोई अंतिम फैसला निकालेगा।


