प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा और आगरा में नई फ्रेंचाइजी के लिए होड़, वाराणसी के नए स्टेडियम में भी मैच कराने की तैयारी
Kanpur। यूपी टी-20 लीग के पांचवें सीजन में आठ टीमों के बीच क्रिकेट का रोमांच क्रिकेट प्रेमियों को देखने को मिल सकता है। चौथे सीजन के दो शहरों में सफल आयोजन के बाद अब गर्वनिंग काउंसिल की ओर से नए सीजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। पांचवें सीजन में कानपुर, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, गोरखपुर व नोएडा के साथ दो नई फ्रेंचाइजी को शामिल किया जाएगा।
नई फ्रेंचाइजी को हासिल करने की दौड़ में प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा व आगरा के बीच होड़ दिख रही है। साथ ही पांचवां सीजन कानपुर, लखनऊ के साथ वाराणसी के नए स्टेडियम में भी कराने की तैयारी चल रही है। इस पर अंतिम निर्णय उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से लिया जाएगा।
यूपी टी-20 गर्वनिंग काउंसिल के चेयरमैन डा. संजय कपूर ने बताया कि चौथे सीजन में ही कई शहरों की ओर से फ्रेंचाइजी को हासिल करने के लिए प्रयास किया जा रहा था। पांचवें सीजन में प्रयागराज, गाजियाबाद, नोएडा व आगरा शहरों से दो नई फ्रेंचाइजी को लीग में मौका दिया जाएगा। आइपीएल के बाद यूपी टी-20 लीग सबसे चर्चित लीग बन गई है। प्रदेश भर के युवा क्रिकेटर इस लीग में खेलकर आइपीएल तक पहुंच रहे हैं।
दो नई टीम के बढ़ जाने से प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए बेहतर मंच तैयार होगा। अभी तक प्रदेश के 120 से 150 क्रिकेटर को मौका दिया जा रहा है। दो टीम के बढ़ जाने से यह संख्या अब 180 से 200 तक पहुंच जाएगी। जल्द ही यूपीसीए के शीर्ष नेतृत्व के साथ गर्वनिंग काउंसिल की बैठक के बाद पांचवें सीजन की फाइनल रूपरेखा बनाई जाएगी।

