Kanpur । बर्रा- 2 स्थित पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन स्कूल के बास्केटबाल कोर्ट पर बुधवार को अंतर विद्यालय आमंत्रण बास्केटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। बालिका वर्ग में पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन, डीपीएस बर्रा, डीपीएस कल्याणपुर और युगम इंटरनेशनल ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं बालक वर्ग में जयपुरिया स्कूल, केडीएमए, पूर्णचंद्र विद्यानिकेतन और दून इंटरनेशनल स्कूल ने अंतिम चार में जगह बनाई।
बालक वर्ग के पहले क्वार्टर फाइनल में जयपुरिया स्कूल ने सर पदमपत सिंहानिया स्कूल को 24-7 से हराया। जयपुरिया की ओर से कबिशी ने सर्वाधिक नौ अंक किए। दूसरे मुकाबले में केडीएमए ने डीपीएस कल्याणपुर को 25-13 से पराजित किया, विजेता टीम की ओर से शाबतन ने नौ अंक जुटाए। तीसरे मैच में दून इंटरनेशनल स्कूल ने डीपीएस बर्रा को 23-11 से मात दी। चौथे मुकाबले में पूर्णचंद्र ने सनातन धर्म स्कूल को 39-25 से हराया, पूर्णचंद्र की जीत में मुदित ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19 अंक बनाए।
बालिका वर्ग में डीपीएस कल्याणपुर ने कुमारी उद्यान स्कूल को 20-5 से हराया, विजेता टीम की दिव्यांशी और अनाहिता ने आठ-आठ अंक किए। डीपीएस बर्रा ने श्रीराम एजुकेशन सेंटर पनकी को 10-2 से पराजित किया, जिसमें श्रेया ने छह अंक बनाए।
युगम इंटरनेशनल ने सिंघानिया स्कूल को 11-0 से हराया। युगम की प्रिंसी ने नौ अंक किए। वहीं पूर्णचंद्र को सनातन धर्म स्कूल के मुकाबले में टीम के उपस्थित नहीं होने पर वाकओवर मिला। प्रतियोगिता में गुरुवार को बालक और बालिका वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।


