संजय वन में दुकान के बाहर खड़े थे लोग, दो गंभीर घायल; चालक हिरासत में, कार जब्त
Kanpur । किदवई नगर के संजय वन क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। कथित तौर पर नशे में धुत चालक ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे दुकान के बाहर खड़े तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ लोग दुकान के बाहर खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। तभी तेज रफ्तार कार लहराते हुए आई और सीधे उन पर चढ़ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों लोग कई फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग दौड़ पड़े।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि चालक शराब के नशे में था। हादसे के बाद उसने भागने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पर किदवई नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस चालक का मेडिकल परीक्षण कराने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक के साथ लोगों में आक्रोश भी देखा गया।


