टोक्यो और उज़्बेकिस्तान सहित कई राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों को दी स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी सेवाएं
Kanpur । मैदान पर जब खिलाड़ी चोटिल होते हैं तो उनकी वापसी के पीछे डॉक्टर और फिजियोथेरेपिस्ट की मेहनत सबसे बड़ी ताकत होती है। ऐसे ही समर्पित स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. अभिषेक बाजपेयी को खेल और राष्ट्र सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘भारत सेवा पुरस्कार-2026’ नई दिल्ली में सम्मानित किया गया है।
डॉ. बाजपेयी लंबे समय से भारतीय खिलाड़ियों के उपचार, पुनर्वास और फिटनेस के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने टोक्यो और उज़्बेकिस्तान जैसे अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भारतीय खिलाड़ियों के साथ रहकर उनकी फिटनेस और रिकवरी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश की पेशेवर क्रिकेट टीमों के साथ भी उन्होंने स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में अपनी विशेषज्ञता का परिचय दिया है।
‘भारत सेवा पुरस्कार’ उन व्यक्तित्वों को प्रदान किया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राष्ट्र के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया हो। डॉ. बाजपेयी ने आधुनिक स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी तकनीकों के माध्यम से अनेक खिलाड़ियों को चोट से उबारने और उन्हें दोबारा प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने का कार्य किया है। उनकी पेशेवर ईमानदारी, अनुशासन और खिलाड़ियों के स्वास्थ्य के प्रति समर्पण ने उन्हें खेल जगत में एक अलग पहचान दिलाई है।
डॉ. बाजपेयी की यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि स्पोर्ट्स फिजियोथेरेपी के महत्व को भी रेखांकित करती है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि आज खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन में प्रशिक्षकों के साथ-साथ कुशल फिजियोथेरेपिस्ट की भूमिका भी बेहद अहम हो गई है। ‘
भारत सेवा पुरस्कार-2026’ इस दिशा में डॉ. अभिषेक बाजपेयी के योगदान, राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा भावना और भारतीय खेलों को मजबूत बनाने की उनकी निरंतर प्रतिबद्धता का सम्मान है।


