एनआईडीजेएएम के लिए चयन का मौका, प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क
Kanpur। जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन की ओर से 13 अक्टूबर को जिला स्तरीय जूनियर एथलेटिक्स मीट आयोजित की जाएगी। एनआईडीजेएएम-2026 के लिए होने वाली प्रतियोगिता आजाद नगर स्थित पंडित दीन दयाल उपाध्याय सनातन धर्म विद्यालय में सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी। इसमें अंडर-14 और अंडर-16 आयु वर्ग के खिलाड़ी दमखम दिखाएंगे।
अंडर-14 वर्ग में ट्रायथलॉन की तीन स्पर्धाएं होंगी। इनमें 60 मीटर दौड़ और लंबी कूद के साथ ऊंची कूद, बैक थ्रो या 600 मीटर दौड़ शामिल है। इस आयु वर्ग के सभी खिलाड़ियों के लिए किड्स जैवलिन में भाग लेना अनिवार्य होगा।
अंडर-16 वर्ग में 60 मीटर और 600 मीटर दौड़, 80 मीटर बाधा दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला फेंक, भाला फेंक और पेंटाथलॉन की स्पर्धाएं होंगी।जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव डॉ. नरेश कुमार चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रवेश निःशुल्क रहेगा। प्रतिभागियों को नगर निगम से जारी जन्म प्रमाणपत्र लाना अनिवार्य है। खिलाड़ियों को आयु वर्ग के अनुसार तैयारी के साथ निर्धारित समय पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।


