Kanpur । 70वीं जिला स्तरीय व मंडल स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता का आयोजन 5 अगस्त को होगा। विष्णुपुरी स्थित सेठ मोतीलाल खेड़िया सनातन धर्म इंटर कॉलेज में यह प्रतियोगिता सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर साढ़े बारह बजे तक होगी।
प्रतियोगिता में माध्यमिक विद्यालयों के बालक व बालिका खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में इंडियन राउंड, रिकर्व राउंड और कंपाउंड राउंड की स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन कानपुर तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह यादव की देखरेख में होगा। प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ी 17 से 19 अगस्त तक मिर्जापुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता में कानपुर मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुमन चंदोला व खेल प्रमुख ओमप्रकाश ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, 150 से अधिक खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन ट्रायल में हिस्सा लेंगे।


