Kanpur। केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग सीनियर डिवीजन के फाइनल मुकाबले में शुक्रवार को रोवर्स क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कानपुर साउथ को 34 रन से पराजित कर खिताब अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो देवांश चतुर्वेदी रहे, जिन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए बल्लेबाजों पर अंकुश लगाया।
किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर खेले गए फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए रोवर्स क्लब की टीम 30.4 ओवर में 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से युवराज पांडे ने सर्वाधिक 55 रन बनाए, जबकि अभिषेक यादव ने 36 और आयुष ने 25 रन का योगदान दिया। कानपुर साउथ की तरफ से शौर्यदीप ने चार और एकलव्य यादव ने तीन विकेट हासिल किए। 161 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कानपुर साउथ की टीम रोवर्स क्लब के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 24.2 ओवर में 126 रन पर सिमट गई।
टीम की ओर से सागर शर्मा ने 49 रन और हिमांशु सिंह ने 18 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके। रोवर्स क्लब की ओर से देवांश चतुर्वेदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके। उनके अलावा नूरैली अली ने तीन और अक्षय सैनी ने दो विकेट लेकर जीत में अहम भूमिका निभाई। पांच विकेट लेने के लिए देवांश चतुर्वेदी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।


