Thursday, July 30, 2026
HomeकानपुरKanpur : पार्षदों ने खोली विकास कार्यों की पोल, महापौर ने अफसरों...

Kanpur : पार्षदों ने खोली विकास कार्यों की पोल, महापौर ने अफसरों को लगाई फटकार

 

सफाई, सीवर, सड़क और स्ट्रीट लाइट की शिकायतों पर पार्षदों ने जताई नाराजगी, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

Kanpur।  नगर निगम मुख्यालय के समिति कक्ष में गुरुवार को महापौर प्रमिला पाण्डेय और नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय की संयुक्त अध्यक्षता में जोन-6 के पार्षदों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की सफाई, सीवर, सड़क, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति और मेट्रो निर्माण से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।पार्षद महेंद्र पाण्डेय ने प्रत्येक वार्ड में हाथ कूड़ा गाड़ियां और रिक्शों की संख्या बढ़ाने तथा सफाई कर्मचारियों की कमी दूर करने की मांग की। उन्होंने एक सफाई कर्मचारी पर अधिकारियों से दुर्व्यवहार का आरोप लगाया, जिस पर महापौर ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव ने बताया कि 10 से 15 दिनों के भीतर हाथ कूड़ा गाड़ियां और रिक्शे उपलब्ध करा दिए जाएंगे।बैठक में कई पार्षदों ने मेट्रो निर्माण के दौरान सीवर लाइनें क्षतिग्रस्त होने से नवाबगंज, विजय नगर समेत कई इलाकों में जलभराव और गंदगी की समस्या का मुद्दा उठाया। जेटिंग मशीनों की कमी, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटें, खराब सड़कें और लंबित विकास कार्यों पर भी नाराजगी जताई गई।

महापौर ने बीमार अवर अभियंता के स्थान पर दूसरे अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में देरी न हो।महापौर ने नालों से अतिक्रमण हटाने, श्रावण मास में मंदिरों के आसपास अतिरिक्त सफाई व्यवस्था करने तथा मेट्रो से प्रभावित वार्डों की समस्याओं के समाधान के लिए मेट्रो अधिकारियों के साथ अलग बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी विभागों को पार्षदों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने और जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

MOST POPULAR

New Delhi : वैष्णो देवी यात्रा में हादसा: भूस्खलन से 5 श्रद्धालुओं की मौत, 14 घायल

डोडा में भी बादल फटने से तबाही देखे विडीयो New Delhi । जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी मंदिर मार्ग पर भूस्खलन की भयावह घटना हुई है।अर्धकुंवारी क्षेत्र...