एक साल के करियर में हासिल की बड़ी उपलब्धि, यूथ कैटेगरी में बनी कानपुर की पहली महिला शूटर
Kanpur। दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में 28 अप्रैल से 14 मई तक 24वीं कुमार सुरेंद्र सिंह शूटिंग प्रतियोगिता हो रही है। इसमें कानपुर की युवा शूटर लावण्या अरोड़ा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंडिया टीम ट्रायल के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
इसके साथ ही वह यूथ कैटेगरी में ट्रायल खेलने वाली कानपुर की पहली महिला शूटर बन गई हैं। द परफेक्ट राइफल शूटिंग अकादमी की पिस्टल शूटर लावण्या ने 600 में 542 अंक हासिल कर यह उपलब्धि हासिल की।
खास बात यह है कि उन्होंने महज एक वर्ष के शूटिंग करियर में यह मुकाम पाया है। लावण्या ने अपनी सफलता का श्रेय कोच अमर निगम, अविरल निगम और अपने माता-पिता को दिया।
प्रतियोगिता में देशभर से करीब 900 से अधिक महिला निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। वहीं पुरुष वर्ग के इंडिया टीम ट्रायल (10 से 14 मई) में अकादमी के अविरल निगम, अंकित यादव और केशव सोनी भी भाग लेंगे।


