नगर आयुक्त ने पनकी-कल्याणपुर और सीटीआई नहर का किया निरीक्षण, अधिकारियों को समय से काम पूरा करने के निर्देश
Kanpur । छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने पनकी-कल्याणपुर और सीटीआई नहर स्थित छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सफाई, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को समय से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधायक सुरेंद्र मैथानी भी मौजूद रहे।
पनकी-कल्याणपुर नहर घाट पर निरीक्षण के दौरान तलहटी और किनारों पर गंदगी मिली। इस पर नगर आयुक्त ने जेसीबी और टीएमएक्स-20 मशीन से 24 घंटे के भीतर सफाई कराने के निर्देश दिए। विधायक सुरेंद्र मैथानी ने व्रती महिलाओं की सुविधा के लिए नहर के दूसरी ओर नई सीढ़ियां बनवाने का प्रस्ताव रखा। नगर आयुक्त ने छठ पूजा के बाद सीढ़ियों का निर्माण कराने के लिए तत्काल पत्रावली तैयार करने को कहा। रात में पूजा के दौरान पर्याप्त रोशनी के लिए दो हाईमास्ट लगाने के निर्देश भी दिए।इसके बाद सीटीआई नहर स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया गया। यहां सिंचाई विभाग की ओर से रिटेनिंग वॉल बनाने के बाद भी सिल्ट नहीं हटाई गई थी।
इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि सिंचाई विभाग ने सफाई नहीं कराई तो नगर निगम अपने संसाधनों से नहर की सफाई कराएगा। नहर से निकाली गई फ्लोटिंग सामग्री को तत्काल हटाने और दोनों किनारों पर विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। यहां भी दो हाईमास्ट लगाने को कहा।
दीपावली बाद सफाई व्यवस्था परखी
नगर आयुक्त ने दीपावली के बाद पटाखों से फैली गंदगी की सफाई व्यवस्था भी परखी। इसके लिए हैलट अस्पताल, गोल चौराहा, रावतपुर क्रॉसिंग, गीतानगर मेट्रो स्टेशन, गुरुदेव चौराहा, सीएसजेएमयू मार्ग, बगिया क्रॉसिंग, सीएम ग्रिड रोड, आवास विकास कल्याणपुर, अरमापुर और विजय नगर का निरीक्षण किया। इन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक मिली। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था लगातार दुरुस्त रखने और छठ पूजा से जुड़े सभी कार्य समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।

