भीषण गर्मी में फर्श और फुट ओवर ब्रिज पर कटी रात, लाउंज में भी मनमानी वसूली के आरोप; अभ्यर्थियों ने स्टेशन की व्यवस्थाओं पर उठाए सवाल।
Kanpur। पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंचे हजारों अभ्यर्थियों के लिए कानपुर सेंट्रल स्टेशन में रात राहत नहीं, बल्कि परेशानी का केंद्र बन गया। भीषण गर्मी, भारी भीड़ और अव्यवस्थाओं के बीच अभ्यर्थियों ने स्टेशन की फर्श और फुट ओवर ब्रिज पर रात गुजारी। इस दौरान पानी और अन्य सामान की ओवररेटिंग के आरोप भी सामने आए।
रात करीब 12 बजे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और फुट ओवर ब्रिज पर कदम रखने तक की जगह नहीं थी। गर्म पानी मिलने से अभ्यर्थी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हुए। आरोप है कि ₹14 की पानी की बोतल ₹20 में बेची जा रही थी। जौनपुर के अमरमणि यादव ने बताया कि गर्मी के कारण सोना मुश्किल था, जबकि फुट ओवर ब्रिज पर पंखों की भी व्यवस्था नहीं थी।
लखनऊ से आए सनी, विनय और सचिन ने कहा कि स्टेशन पर पानी मनमाने दामों पर बिक रहा है। वहीं रसूलाबाद के विपिन यादव और रामवीर ने आरोप लगाया कि पानी ही नहीं, खाद्य सामग्री भी तय कीमत से अधिक पर बेची जा रही थी।
स्टेशन के एग्जीक्यूटिव लाउंज में भी शुल्क को लेकर विवाद देखने को मिला। अभ्यर्थियों का आरोप है कि बाहर लगी स्क्रीन पर अलग शुल्क दर्शाया जा रहा था, जबकि अंदर कर्मचारियों द्वारा बैठने और लेटने के लिए अलग-अलग दरों से पैसे वसूले जा रहे थे। विरोध के बावजूद मौके पर कोई जिम्मेदार अधिकारी सुनवाई के लिए नहीं पहुंचा।परीक्षा की तैयारी के साथ अभ्यर्थियों को सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ा, जिससे उनकी नाराजगी साफ दिखाई दी।


