डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
Kanpur। बेसिक शिक्षा विभाग की दो दिवसीय जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिता में पहले दिन बुधवार को खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में बिल्हौर और चौबेपुर के खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया, जबकि बैडमिंटन के एकल और युगल दोनों वर्गों में घाटमपुर ने बाजी मारी। योगासन में बालक वर्ग में घाटमपुर और बालिका वर्ग में बिल्हौर की टीम विजेता रही।

किदवई नगर स्थित स्व. रतनलाल शर्मा स्मारक में प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने दीप प्रज्वलित और गुब्बारे उड़ाकर किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग करना जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण है। खेलों से बच्चों में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उद्घाटन समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया।
पहले दिन के परिणाम::एथलेटिक्स के 600 मीटर बालक वर्ग में बिल्हौर के समीर प्रथम और चौबेपुर के आयुष द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में चौबेपुर की अनामिका ने पहला और सलोनी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। 400 मीटर बालक वर्ग में चौबेपुर के विवेकनाथ और बालिका वर्ग में बिल्हौर की सलोनी विजेता रहीं। 200 मीटर बालक वर्ग में समीर प्रथम और किदवई नगर के कार्तिक द्वितीय रहे। बालिका वर्ग में चौबेपुर की अंशिका प्रथम और बिल्हौर की सलोनी द्वितीय रहीं। 100 मीटर में बालक वर्ग से ककवन के सागर ने पहला स्थान हासिल किया। बैडमिंटन के एकल और युगल मुकाबलों में घाटमपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
योगासन के बालक वर्ग में घाटमपुर प्रथम और बिधनू द्वितीय, जबकि बालिका वर्ग में बिल्हौर प्रथम और बिधनू द्वितीय रहा। प्रतियोगिता का संचालन विकास तिवारी ने किया। इस मौके पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. हरिओम सिंह, सुनील द्विवेदी, यासमीन रहमान, डॉ. अनिल सिंह, सत्य प्रकाश, राजेश यादव, सुरेश गौड़, मंजू चौधरी, रूचि द्विवेदी समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।

