नारामऊ में सुबह हुआ हादसा, सिपाही के छोटे भाई ने तोड़ा दम; तीन अस्पतालों में चल रहा घायलों का उपचार
Kanpur । जीटी रोड पर नारामऊ के पास बुधवार सुबह दो बाइकों के बीच हुई भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। हादसे के बाद सड़क पर घायलों की चीख-पुकार सुनकर राहगीर रुक गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल भिजवाया। मृतक की पहचान कल्याणपुर निवासी रंजीत सोनकर (28) के रूप में हुई है।
बिठूर थाना क्षेत्र में सागर ढाबे के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे यह दुर्घटना हुई। पुलिस के मुताबिक, एक बाइक पर मयंक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी मिश्रा सवार थे। दूसरी बाइक पर रंजीत और सुजीत थे। दोनों बाइकें मंधना से कल्याणपुर की ओर जा रही थीं। रास्ते में आगे निकलने की कोशिश में दोनों बाइक सवारों ने ओवरटेक किया। इसी दौरान वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि पांचों लोग सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की सूचना पर बिठूर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी कल्याणपुर भिजवाया। रंजीत को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सुजीत को गंभीर हालत में रामा अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य घायलों का अल्का अस्पताल में उपचार चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों बाइकें तेज रफ्तार में थीं।
लखनऊ में तैनात है मृतक का बड़ा भाई
रंजीत पुत्र जगरूप सोनकर सीएचसी चौबेपुर में नौकरी करता था। उसका बड़ा भाई अरविंद सोनकर यूपी पुलिस में कांस्टेबल है और लखनऊ के पक्षी विहार में तैनात है। रंजीत की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया कि डायल 112 के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया। दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर मंधना चौकी में खड़ा कराया गया है। हादसे की जांच की जा रही है।

