जौनपुर से बिना बताए निकली थीं दोनों, जीआरपी ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत परिजनों को सौंपा
Kanpur । घर में परिजनों की डांट से नाराज होकर दो किशोरियां बिना बताए कानपुर पहुंच गईं। रेलवे स्टेशन पर अकेले बैठी दोनों बालिकाओं को देखकर जीआरपी ने पूछताछ की तो उनके घर छोड़कर आने की जानकारी हुई। पुलिस ने तत्काल परिजनों से संपर्क किया और दोनों को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया।
जीआरपी कानपुर सेंट्रल की टीम मंगलवार को ऑपरेशन मुस्कान के तहत स्टेशन परिसर में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर दो किशोरियां अकेली बैठी मिलीं। पुलिसकर्मियों ने उनसे बातचीत की तो दोनों ने अपना घर जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के रेहारी गांव में बताया। इनमें एक की उम्र करीब 16 और दूसरी की 15 वर्ष थी।
किशोरियों ने बताया कि घर में परिजनों की डांट से नाराज होकर वे बिना किसी को बताए निकल आई थीं। घूमते-घूमते कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंच गईं। इसके बाद महिला हेड कांस्टेबल विपिन यादव की मौजूदगी में दोनों को महिला हेल्प डेस्क पर बैठाया गया। जीआरपी ने उनके परिजनों को फोन कर सूचना दी।
जानकारी मिलते ही परिजन कानपुर सेंट्रल पहुंचे। जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने दोनों किशोरियों को उनके हवाले कर दिया। बेटियों को सुरक्षित पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और जीआरपी की सराहना की। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह के नेतृत्व में की गई।

