मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंTuesday, 10 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : फेसबुक पर दोस्ती, क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच और 43.73 लाख की चपत
कानपुर

Kanpur : फेसबुक पर दोस्ती, क्रिप्टो ट्रेडिंग का लालच और 43.73 लाख की चपत

Akash Chaudhary

 पहले 2668 रुपये का मुनाफा दिखाकर जीता भरोसा, फिर 33 बैंक खातों में जमा कराई रकम

Kanpur । सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती हर्बल टी कारोबारी को इतनी महंगी पड़ेगी, इसका उन्हें अंदाजा भी नहीं था। फेसबुक पर दोस्ती करने वाली युवती ने क्रिप्टो ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का ऐसा जाल बिछाया कि कारोबारी अपनी जमा पूंजी के 43.73 लाख रुपये गंवा बैठे। ठगों ने पहले छोटी रकम निवेश कराकर मुनाफा दिखाया, फिर भरोसा जीतकर देशभर के 33 बैंक खातों में रुपये जमा करा लिए।

रकम निकालने के लिए 27.79 लाख रुपये अतिरिक्त मांगने पर कारोबारी को ठगी का अहसास हुआ। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

महाराजपुर क्षेत्र के शेखपुर निवासी हर्बल टी कारोबारी शिवराज निषाद के मुताबिक, 14 जुलाई को फेसबुक पर उनकी दोस्ती संध्या अरोड़ा नाम की युवती से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी तो युवती ने उनका व्हाट्सऐप नंबर ले लिया। इसके बाद 27 जुलाई को उन्हें एक क्रिप्टो ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया। यहां निवेश के जरिए कम समय में मोटी कमाई का भरोसा दिलाया गया।

 

ठगों ने कारोबारी से शुरुआत में 10 हजार रुपये निवेश कराए। कुछ समय बाद उन्हें स्क्रीन पर 2668 रुपये का मुनाफा दिखाया गया। रकम बढ़ती देखकर शिवराज को ट्रेडिंग पर भरोसा हो गया। उन्होंने 30 हजार रुपये और लगा दिए। इसके बाद ठगों ने 30 प्रतिशत कमीशन और मोटे मुनाफे का लालच देकर लगातार निवेश बढ़वाया। कारोबारी उनकी बातों में आकर अलग-अलग किस्तों में 33 बैंक खातों में कुल 43.73 लाख रुपये भेजते रहे।

रुपये निकालने पहुंचे तो मांगे 27.79 लाख

जब कारोबारी ने अपनी जमा रकम और मुनाफा निकालना चाहा तो ठगों ने नया बहाना बना दिया। उनसे इनकम टैक्स के नाम पर 27.79 लाख रुपये और जमा करने को कहा गया। इतनी बड़ी रकम की मांग होते ही उन्हें पूरे खेल का अहसास हो गया। इसके बाद उन्होंने साइबर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस अब उन 33 बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, जिनमें ठगी की रकम भेजी गई। साइबर पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि फेसबुक और व्हाट्सऐप पर अनजान लोगों की निवेश संबंधी सलाह पर भरोसा न करें। कम समय में गारंटीड मुनाफे का दावा करने वाली योजनाओं से सतर्क रहें।