Kanpur । केसीए की केडीएमए क्रिकेट लीग में प्रिंस क्लब ने आर्यन प्रजापति की घातक गेंदबाजी के दम पर केसीसी क्लब को 206 रन से करारी शिकस्त दी। आर्यन ने हैट्रिक समेत सात विकेट झटककर विपक्षी बल्लेबाजी क्रम को तहस-नहस कर दिया। वहीं, दूसरे मुकाबले में चित्रा एकेडमी ने अशोक सविता की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत कानपुर जिमखाना को चार विकेट से हराया।
श्यामनगर स्थित आरपीसीए मैदान पर पहले मुकाबले में प्रिंस क्लब ने निर्धारित 35 ओवर में सात विकेट पर 229 रन बनाए। उदित श्रीवास्तव ने 61, रुद्र रावत ने 42 और सत्यम सिंह ने 26 रन का योगदान दिया। गेंदबाजी में दिव्यांशु सिंह ने दो और आदर्श शर्मा ने एक विकेट लिया। जवाब में केसीसी क्लब की टीम आर्यन प्रजापति की गेंदों का सामना नहीं कर सकी और 7.4 ओवर में महज 23 रन पर सिमट गई। आर्यन ने 16 रन देकर सात विकेट हासिल किए, जिसमें हैट्रिक भी शामिल रही। ऋषिकेश ने तीन विकेट चटकाए। शानदार प्रदर्शन के लिए आर्यन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, श्यामनगर स्थित पीएसी मैदान पर दूसरे मुकाबले में कानपुर जिमखाना की टीम 33.3 ओवर में 147 रन पर ऑलआउट हो गई। अद्यैव शुक्ला ने 56 और आदित्य दुबे ने 27 रन बनाए। चित्रा एकेडमी की ओर से अशोक सविता ने तीन, जबकि समर सिद्दीकी और मृगांक सिंह ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए चित्रा एकेडमी ने 23.5 ओवर में छह विकेट पर 148 रन बनाकर जीत हासिल की। अशोक सविता ने नाबाद 68 रन की पारी खेली। गेंदबाजी में यशराज गुप्ता ने तीन और अद्यैव शुक्ला ने दो विकेट लिए।

