Kanpur । केडीएमए क्रिकेट लीग 2026-27 में अशोका ज्योति क्लब ने गेंद और बल्ले से दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत क्रिकेट क्लब को 77 रनों से शिकस्त दी। जीत में पारिजात दुबे ने घातक गेंदबाजी करते हुए महज 12 रन देकर पांच विकेट हासिल किए और भारत क्रिकेट क्लब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
आरपीसीए मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी अशोका ज्योति क्लब की टीम 31.2 ओवर में 159 रन बनाकर पवेलियन लौट गई। टीम से राघव अवस्थी ने 42, अश्वनी सचान ने 37 और प्रियांशु गुप्ता ने 28 रनों की उपयोगी पारियां खेलीं। तो भारत क्रिकेट क्लब की ओर से तुषार अग्रहरी ने चार विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोका। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 27 ओवर में 82 रनों पर ढेर हो गई।
ओम यादव ने सर्वाधिक नाबाद 29 रन बनाए, लेकिन अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल सके। अशोका ज्योति की ओर से पारिजात दुबे ने पांच और अनिकेत श्रीवास्तव ने दो विकेट चटकाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। परिजात दुबे को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया।

