प्लेटफॉर्म से पार्सल घर तक चला तलाशी अभियान, संदिग्धों से पूछताछ कर यात्रियों को किया सतर्क
Kanpur । छठ पर्व पर ट्रेनों में बढ़ती भीड़ के बीच कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की कवायद तेज हो गई है। यात्रियों की भीड़ के बीच कोई संदिग्ध गतिविधि सुरक्षा में सेंध न लगा सके, इसके लिए बुधवार को जीआरपी और आरपीएफ ने डॉग स्क्वाड तथा बम निरोधक दस्ते के साथ पूरे स्टेशन को खंगाला। अचानक चले सघन चेकिंग अभियान से स्टेशन परिसर में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ गई।
पुलिस उपाधीक्षक रेलवे और सहायक सुरक्षा आयुक्त आरपीएफ के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने कैंट और सिटी साइड से लेकर प्लेटफॉर्म तक जांच की। फुट ओवरब्रिज, प्रतीक्षालय, होल्डिंग एरिया और पार्किंग में भी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई। डॉग स्क्वाड ने पार्सल घर में रखे सामान और लावारिस वस्तुओं की जांच की, जबकि बम निरोधक दस्ते ने भी संदिग्ध सामान को परखा।
अभियान के दौरान संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पूछताछ की गई और उनके सामान की जांच की गई। सुरक्षा टीम ने लाउडस्पीकर के जरिए यात्रियों को सतर्क करते हुए कहा कि स्टेशन पर कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे तो उसे छूने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तत्काल जीआरपी या आरपीएफ को दें।
जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई में रेलवे पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों के मुताबिक छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए निगरानी और चेकिंग जारी रहेगी।

