मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 11 November 2026
विज्ञापन
होम›खेल›Kanpur : कानपुर में पहली बार होगी एक लाख की इनामी बैडमिंटन प्रतियोगिता
खेल

Kanpur : कानपुर में पहली बार होगी एक लाख की इनामी बैडमिंटन प्रतियोगिता

Akash Chaudharyअपडेट: November 11, 2026

19 से 22 नवंबर तक पांच आयु वर्गों में होंगे मुकाबले, 18 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण

 

Kanpur । शहर के बैडमिंटन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ नकद पुरस्कार जीतने का मौका मिलने जा रहा है। कानपुर में पहली बार एक लाख रुपये की कुल पुरस्कार राशि वाली जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। फर्स्ट तारुगा कैश प्राइज मनी बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन 19 से 22 नवंबर तक मैनावती मार्ग स्थित नेट क्रशर बैडमिंटन एकेडमी में होगा। प्रतियोगिता कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन से संबद्ध है।

चार दिवसीय प्रतियोगिता में अंडर-11, अंडर-15, अंडर-19, 40 वर्ष से कम और 40 प्लस आयु वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। सभी वर्गों के मुकाबलों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर कुल एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि वितरित की जाएगी। प्रतियोगिता में एकल वर्ग के लिए छह सौ रुपये और युगल वर्ग के लिए एक हजार रुपये प्रति टीम प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। आयोजन में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों को 18 नवंबर तक पंजीकरण कराना होगा।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन taaruga.in वेबसाइट या आयोजन के पोस्टर पर उपलब्ध क्यूआर कोड स्कैन करके किया जा सकता है। ऑफलाइन पंजीकरण के लिए एनआरआई हाइट्स एनआरआई सिटी स्थित सेंटर पर सुबह नौ से 11 बजे और नेट क्रशर बैडमिंटन एकेडमी में दोपहर तीन से पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है। आयोजन संबंधी जानकारी के लिए गौरांग अग्रवाल (9220558017) और तपस रंजन (7666758756) से संपर्क किया जा सकता है। वहीं, खेल संबंधी जानकारी के लिए मुख्य इवेंट कंट्रोलर राहुल शुक्ला से दोपहर तीन से पांच बजे तक संपर्क किया जा सकता है।