मुख्य खबरों पर जाएँ
परपंच न्यूज़ कानपुर और आसपास की भरोसेमंद खबरेंWednesday, 11 November 2026
विज्ञापन
होम›कानपुर›Kanpur : पांच लाख का घाटा हुआ तो कंपनी के 20 लाख लूटने की रच डाली साजिश
कानपुर

Kanpur : पांच लाख का घाटा हुआ तो कंपनी के 20 लाख लूटने की रच डाली साजिश

Akash Chaudhary

बिरहाना रोड पर दिनदहाड़े लूट के प्रयास का खुलासा, कंपनी का पूर्व कर्मचारी ही निकला मास्टरमाइंड, रिश्तेदार के साथ गिरफ्तार

 

Kanpur। फॉरेक्स ट्रेडिंग में पांच लाख रुपये गंवाने के बाद नुकसान की भरपाई के लिए कंपनी के ही 20 लाख रुपये लूटने की साजिश रच डाली। चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की योजना बनाने वाला कोई बाहरी बदमाश नहीं, बल्कि गुरु कृपा पेपर ट्रेडिंग कंपनी का पूर्व कर्मचारी वीरभान सिंह निकला। उसने अपने रिश्तेदार अवनींद्र सिंह उर्फ अंकुश के साथ मिलकर वारदात की पूरी पटकथा तैयार की थी। हालांकि, बिरहाना रोड पर स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों की सतर्कता से लूट की कोशिश नाकाम हो गई। फीलखाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

कर्मचारी से जुटाई नकदी की पूरी जानकारी
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि 10 नवंबर को कंपनी का एक कर्मचारी 20 लाख रुपये नकद लेकर स्कूटी से जा रहा था। इसकी पूरी जानकारी वीरभान सिंह ने पहले ही जुटा ली थी। उसे पता था कि कर्मचारी किस समय और किस रास्ते से नकदी लेकर निकलेगा। इसी जानकारी के आधार पर उसने अपने रिश्तेदार अवनींद्र के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई।

तय योजना के मुताबिक, बिरहाना रोड पर अवनींद्र ने नकदी लेकर जा रहे कर्मचारी की स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद वह रुपयों से भरा बैग छीनने लगा। अचानक हुई इस घटना से आसपास के दुकानदार और राहगीर सतर्क हो गए। लोगों ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया। नागरिकों की सक्रियता से आरोपी बैग लेकर भागने में सफल नहीं हो सका। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची फीलखाना पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पांच लाख के घाटे ने बनाया साजिशकर्ता
पुलिस की पूछताछ में अवनींद्र ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि वीरभान को फॉरेक्स ट्रेडिंग में करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ था। इस घाटे और कर्ज की भरपाई करने के लिए उसने अपनी ही कंपनी की नकदी लूटने की योजना बनाई थी। कंपनी में कर्मचारी होने के कारण उसे नकदी ले जाने के समय और रास्ते की जानकारी आसानी से मिल गई थी। पुलिस ने इसके बाद दबिश देकर मुख्य साजिशकर्ता वीरभान सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया।

नागरिकों का होगा सम्मान, पुलिस टीम को इनाम
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है। वारदात को नाकाम करने में साहस दिखाने वाले स्थानीय नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। वहीं, कुछ ही घंटों में घटना का खुलासा करने वाली फीलखाना पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।