Kanpur । गाजियाबाद में 12 से 14 सितंबर तक हुई योनेक्स सनराइज द्वितीय यूपी स्टेट मास्टर्स (वेटरन) बैडमिंटन प्रतियोगिता हुई। इसमें कानपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में अर्जुन सिंह गौड़ ने तीन स्वर्ण पदक जीतकर प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठता साबित की।
अर्जुन ने 50+ पुरुष एकल के साथ पुरुष युगल और मिश्रित युगल में भी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मिश्रित युगल में लखनऊ की सुषमा कुमार के साथ जोड़ी बनाकर उन्होंने नोएडा के सुनील राणा और अनु गेरा की जोड़ी को 21-19, 21-19 से सीधे सेट में पराजित किया। पुरुष युगल में लखनऊ के शैलेंद्र पाहवा के साथ उतरे अर्जुन ने गाजियाबाद के सुनील त्यागी और डीके त्यागी की जोड़ी को रोमांचक मुकाबले में 22-20, 25-23 से हराया।
कानपुर के पवन गुप्ता ने 55+ पुरुष एकल वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं, 70+ पुरुष युगल वर्ग में राजीव ने स्वर्ण पदक जीता। कानपुर बैडमिंटन एसोसिएशन ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।


