Kanpur। कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से केडीएमए क्रिकेट लीग में बुधवार को पहले मैच में शिबू व बबीता की शानदार बल्लेबाजी के दम पर एंजेल वुमंस ने ग्लोरी क्लब को आठ विकेट से पराजित किया। दूसरे मैच में इलेवेन स्टार ने चित्रा एकेडमी को पांच विकेट से मात दी। तीसरे मैच में कानपुर साउथ ने रोवर्स क्लब को छह विकेट से हराया। चौथे मैच में नवाबगंज एथलेटिक्स ने फ्रेंड्स क्लब को 27 रन से पराजित किया।
पहला मैच पीएसी मैदान पर खेला गया, इसमें ग्लोरी क्लब की टीम 37.3 ओवर में 131 रन पर सिमट गई। अभिषेक गौर ने 49 और उत्कर्ष सिंह 34 ने संघर्ष किया, तो गेंदबाजी में एकता सिंह ने तीन, सिद्दी मिश्रा व नंदिनी सिंह ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में एंजेल वुमंस ने 22.1 ओवर में दो विकेट पर 132 रन बनाकर जीत दर्ज की। जीत में शिबू सिंह पाल ने 61 और बबीता यादव ने नाबाद 58 ने मैच जिताऊ साझेदारी की। दूसरे मैच में सप्रू मैदान पर चित्रा एकेडमी की पूरी टीम 21.4 ओवर में 126 रन पर ऑलआउट हो गई।
टीम से अशोक सविता ने सर्वाधिक 20 रन बनाए, तो गेंदबाजी में अर्पित व देवांश दुबे ने तीन-तीन व श्रेयांश सिंह ने दो को आउट किया। जवाब में इलेवेन स्टार ने 22.2 ओवर में पांच विकेट खोकर 129 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम से हिमांशु ने 43 और अर्पित ने 25 रन की पारी खेली। तीसरे मुकाबले में किदवईनगर स्थित कानपुर साउथ-ए मैदान पर रोवर्स क्लब ने 28 ओवर में 163 रन बनाए।
टीम से इरफान अली ने 63, अभिषेक यादव ने 43 रन बनाए, तो गेंदबाजी में आशुतोष पांडे ने चार, शौर्यदीप व प्रिंस मौर्य ने दो-दो विकेट चटकाए। जवाब में कानपुर साउथ ने 23.4 ओवर में चार विकेट पर 168 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। जीत में हिमांशु सिंह ने नाबाद 80 रन की पारी खेली, तो गेंदबाजी में देवांश ने तीन व नूरैन अली ने एक को आउट किया। जाजमऊ स्थित जेम्स मैदान पर चौथे मुकाबले में नवाबगंज एथलेटिक्स ने 33.5 ओवर में 185 रन बनाए।
टीम से देवांश सिंह ने 57 रन, कान्हा भाटिया ने 44 रन बनाए, तो गेंदबाजी में राजेंद्र तिवारी ने तीन, अभिजीत व वीर प्रताप सिंह ने दो-दो विकेट झटके। जवाब में फ्रेंड्स क्लब की पूरी टीम 31.3 ओवर में 158 रन ही बना सका। आर्यन यादव ने 90 रन की जुझारू पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके, तो गेंदबाजी में आर्यन पाल ने तीन, विशाल सिंह व रूद्र कुमार सिंह ने दो-दो विकेट अपने नाम किए।


