बीएनएसडी की 10 विकेट से बड़ी जीत, पनकी ने 172 रन बनाकर दिखाया दम
Kanpur । कानपुर स्पोर्ट्स एंड कल्चर इवेंट्स की ओर से आयोजित “क्रिकवर्षा सीजन–1 इंटर-स्कूल क्रिकेट टी-20 टूर्नामेंट 2026” में दूसरे दिन लीग मुकाबलों में रोमांच और एकतरफा जीतों का मिला-जुला नजारा देखने को मिला। एलेनहाउस पब्लिक स्कूल पनकी और दिल्ली पब्लिक स्कूल कल्याणपुर ने अपने-अपने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया।प्रतियोगिता का उद्घाटन गौरव मेमोरियल इंटरनेशनल स्कूल के एक्टिंग प्रिंसिपल अनिकेत तिवारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।
टूर्नामेंट में 13 स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं।
गीता देवी क्रिकेट ग्राउंड, मंटोरा में खेले गए पहले मुकाबले में बीएनएसडी इंटर कॉलेज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गौरव इंटरनेशनल स्कूल कल्याणपुर को 10 विकेट से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गौरव इंटरनेशनल स्कूल की टीम 16 ओवर में 74 रन ही बना सकी। जवाब में बीएनएसडी ने सिर्फ 7 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया।
दूसरे मुकाबले में एलेनहाउस पब्लिक स्कूल पनकी ने गुरु हरराय इंटर कॉलेज के खिलाफ 172 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए गुरु हरराय की टीम 120 रन पर सिमट गई और एलेनहाउस ने मुकाबला जीत लिया।
तीसरा मैच वीएसएसडी कॉलेज स्थित शशिकांत खांडेकर ग्राउंड पर एलेनहाउस खलासीलाइन और पीपीएन इंटर कॉलेज के बीच खेला जाना था, लेकिन पीपीएन टीम के नहीं पहुंचने पर एलेनहाउस को वॉकओवर मिल गया।


