Kanpur। उप्र क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) की ओर से अंडर-16 खिलाड़ियों के प्रदर्शन को परखने के लिए ट्रायल मैच कराए जा रहे हैं। तीन दिवसीय ट्रायल मैच में आगरा, मेरठ, कानपुर, लखनऊ, सहारनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, गाजियाबाद, ग्रेटर नोएडा, झांसी, फतेहपुर समेत प्रदेश के 105 खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखा जाएगा। पहले दिन खेले कमला क्लब व ग्रीन पार्क में खेले गए 50-50 ओवर के मुकाबले में 67 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
ट्रायल मैच के पहले दिन कानपुर से ईशु सचान, अजीमुल हक, हिमांशु सिंह, अर्पित व प्रेरक पाल ने भी हिस्सा लिया। यूपीसीए की जूनियर चयन समिति के कमलकांत की देखरेख में हुए ट्रायल मैच में 67 खिलाड़ियों के बीच चार टीम बनाकर मुकाबले कराए गए। शेष खिलाड़ियों के बीच दो टीम बनाकर 19 और 20 सितंबर तक मैच कराए जाएगे।
कमला क्लब में पहले दिन खेले गए मैच में बल्लेबाजों का बोलबाला रहा और सहारनपुर, मेरठ, गाजियाबाद व कानपुर के बल्लेबाजों ने दम दिखाया। ग्रीन पार्क में हुए मैच में तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा। तीन दिवसीय ट्रायल से यूपीसीए प्रदेश की जूनियर टीम के लिए सर्वश्रेष्ठ 30 खिलाड़ियाें का चयन कर उन्हें कैंप में शामिल करेगा। जहां फिटनेस, स्किल और प्रदर्शन के आधार पर बीसीसीआइ की घरेलू शृंखला के लिए उप्र की जूनियर टीम का चयन किया जाएगा।


