युवाओं तक नशे की खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, फजलगंज पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में दबोचा
Kanpur । शहर में नशे के कारोबार का एक और मामला सामने आया है। गोविंद नगर रेलवे लाइन के नीचे पुलिस ने ऐसे युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 50 लाख रुपये से अधिक कीमत की एमडीएमए ड्रग्स बरामद होने का दावा किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस की नजर उन लोगों पर है, जो शहर में इस नशीले पदार्थ की सप्लाई का नेटवर्क चला रहे हैं।
फजलगंज पुलिस, सेंट्रल जोन स्वाट और सर्विलांस टीम को कई दिनों से शहर में एमडीएमए की सप्लाई किए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। बुधवार को गोविंद नगर रेलवे लाइन के नीचे संदिग्ध युवक दिखाई दिया। संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से भारी मात्रा में एमडीएमए बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान रिजवान अहमद पुत्र रेहान, निवासी बाबूपुरवा के रूप में हुई है।
बरामद ड्रग्स की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पूछताछ में शहर में नशे की खेप पहुंचाने वाले नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात सामने आई है।फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। अब जांच का सबसे अहम सवाल यही है कि रिजवान तक ड्रग्स कहां से पहुंच रही थी और शहर में इसके खरीदार कौन-कौन हैं। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

