Mumbai । भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के भाई मोहम्मद कैफ पर बलात्कार का आरोप लगा है। कैफ भी शमी की तरह ही क्रिकेटर हैं, उनपर लखनऊ की एक महिला ने कथित तौर पर रेप का आरोप लगाया है। इस महिला ने अपनी शिकायत में दावा किया है कि कैफ ने उन्हें शादी का झांसा देकर अलग-अलग जगहों पर संबंध बनाए। दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया से हुई थी। इस मामले के सामने आने के बाद कैफ के करियर पर सवाल उठने लगे हैं।
कैफ एक उभरते हुए क्रिकेटर हैं और दाये हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज हैं। कैफ ने साल 2021 में बंगाल की ओर से घरेलू क्रिकेट में अपना पदार्पण किया था, जहां उन्होंने अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया है। कैफ ने अब तक कुल 14 फर्स्ट क्लास मैच खेलकर 43 विकेट लिए हैं। इसके अतिरिक्त, उन्होंने 9 लिस्ट ए मैचों में 12 विकेट लिए हैं और 1 टी20 मैच भी खेला है। गेंदबाजी के अलावा, कैफ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी करते हैं। अब रेप के आरोपों से उनकी मुश्किलें बढ़ गयी हैं।
पीड़िता महिला ने अपनी शिकायत में वह तलाकशुदा हैं और उनका एक बच्चा भी है। महिला का कहना है कि वह एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के तौर पर काम करती थीं पर कैफ ने उन्हें शादी का झूठा वादा कर उनकी नौकरी छुड़वा दी। उसने शिकायत में यह भी कहा गया है कि कैफ ने आईपीएल नीलामी के बाद उनसे शादी करने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने अपना वादा नहीं निभाया।
महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। वहीं इस मामले में शमी और उनके भाई की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। .


