Mumbai । ‘इंस्पेक्टर अविनाश का दूसरा सीजन अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है।रणदीप हुडा स्टारर यह चर्चित क्राइम-थ्रिलर सीरीज 15 मई 2026 से जियो हॉट स्टार पर स्ट्रीम होगी। सीरीज के सभी एपिसोड एक साथ रिलीज किए जाएंगे, जिससे दर्शक इसे लगातार देख सकेंगे।
इस बार कहानी होगी और ज्यादा खतरनाक
सीरीज की कहानी 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश पर आधारित है, जब प्रदेश में अपराध, माफिया नेटवर्क, अवैध हथियारों की तस्करी और राजनीतिक संरक्षण अपने चरम पर थे। दूसरे सीजन में इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा की लड़ाई पहले से ज्यादा कठिन दिखाई जाएगी। इस बार मामला सिर्फ अपराधियों से नहीं, बल्कि सिस्टम, राजनीति और निजी जिंदगी से भी जुड़ा होगा।
कहानी में दिखाया जाएगा कि कैसे स्पेशल टास्क फोर्स (STF) का नेतृत्व कर रहे इंस्पेक्टर अविनाश राज्य में फैल रहे संगठित अपराध के खिलाफ मोर्चा खोलते हैं। लेकिन इस मिशन के दौरान उनके परिवार और निजी जीवन पर भी खतरा मंडराने लगता है। यही कारण है कि इस सीजन को पहले से ज्यादा इमोशनल और थ्रिलर से भरपूर बताया जा रहा है।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित है सीरीज
‘इंस्पेक्टर अविनाश’ की सबसे खास बात यह है कि इसकी कहानी उत्तर प्रदेश के चर्चित सुपर कॉप अविनाश मिश्रा के जीवन और कई वास्तविक घटनाओं से प्रेरित मानी जाती है। यही वजह है कि सीरीज में अपराध और पुलिस कार्रवाई को काफी यथार्थवादी अंदाज में दिखाया गया है।
रणदीप हुड्डा का दमदार अवतार
पहले सीजन में अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत चुके रणदीप हुड्डा एक बार फिर सख्त पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में उनका दमदार एक्शन, तेज संवाद और अपराधियों से सीधी भिड़ंत देखने को मिली है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और फैंस इस बार और बड़े एक्शन की उम्मीद कर रहे हैं।
दमदार स्टारकास्ट बढ़ाएगी रोमांच
सीरीज में उर्वशी रौतेला,अमित सियाल,अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालीन भनोट और फ्रेडी daruwala जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। हर किरदार की अपनी अलग कहानी और संघर्ष होगा, जिससे सीजन में लगातार सस्पेंस बना रहेगा।
निर्देशन और प्रस्तुति
सीरीज का निर्देशन नीरज पाठक ने किया है। पहले सीजन की सफलता के बाद इस बार कहानी को और बड़े स्तर पर पेश किया गया है। ट्रेलर में दिखाए गए बैकग्राउंड म्यूजिक, शूटआउट सीक्वेंस और 90 के दशक के माहौल ने दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है।
फैंस का मानना है कि ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ का दूसरा सीजन इस साल की सबसे चर्चित हिंदी क्राइम-थ्रिलर वेब सीरीज में शामिल हो सकता है।


